Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:स्कूल में कट्टा लेकर पहुंचा 9वीं क्लास का स्टूडेंट:पुलिस ने 2 छात्रों को पकड़ा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 9, 2026

BIHAR NEWS:स्कूल में कट्टा लेकर पहुंचा 9वीं क्लास का स्टूडेंट:पुलिस ने 2 छात्रों को पकड़ा

बेगूसराय के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र में स्थित पीएमश्री किसान प्लस टू विद्यालय तारा बरियारपुर में आज उस समय अफरातफरी मच गई, जब नवम वर्ग के एक छात्र के पास से देसी कट्टा बरामद हुआ। स्कूल में नाबालिग छात्र के पास हथियार मिलने की जानकारी मिलते ही शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच हड़कंप मच गया।


घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रबंधन ने इसकी सूचना तुरंत खोदावंदपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खोदावंदपुर थाने के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) चंद्रचूर ठाकुर पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस दो छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

बताया जा रहा है कि आज नवम वर्ग का एक छात्र कट्टा लेकर स्कूल आ गया था। प्रार्थना के समय किसी को इसकी भनक भी नहीं लगी। दोपहर में जब बगल में बैठे छात्र ने कमर में कुछ देखा तो सर्च करने पर उसके पास कट्टा देखकर हल्ला मचाया। शिक्षकों ने कट्टा देखा तो इसकी जानकारी उक्त छात्र के अभिभावक एवं पुलिस को दी गई।

थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि दो छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए छात्रों ने बताया कि चकवा गांव के निवासी नंदन महतो के पुत्र सुमन कुमार ने उन्हें यह देसी कट्टा रखने के लिए दिया था। छात्रों के बयान के बाद पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में जुट गई है।

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अरुण कुमार ने घटना के संबंध में खोदावंदपुर पुलिस को लिखित आवेदन सौंप दिया है। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि विद्यालय प्रधान द्वारा प्राप्त लिखित आवेदन के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। सभी पहलुओं की जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी जानकारी साफ हो सकेगी।