बेनीपट्टी में दर्दनाक सड़क हादसा: मॉर्निंग वॉक से लौट रही 3 महिलाओं को स्कॉर्पियो ने कुचला, मौके पर मौत
सड़क किनारे बैठकर कर रही थीं आराम, नींद में बताए जा रहे चालक ने तीनों को रौंदा; शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा एसएच-52 पर जगदंबा पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां मॉर्निंग वॉक से लौट रहीं महिलाओं के एक समूह में शामिल तीन महिलाएं सड़क किनारे बैठकर आराम कर रही थीं। इसी दौरान अनियंत्रित तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीनों को कुचल दिया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शवों को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों तरफ करीब एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
छह महिलाओं का समूह निकला था मॉर्निंग वॉक पर
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 6 बजे छह महिलाएं मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। वापस लौटने के दौरान रीता देवी, किरण देवी और फूलदाई देवी कुछ देर आराम करने के लिए सड़क किनारे बैठ गईं।
इसी दौरान रहिका की ओर से बेनीपट्टी की तरफ जा रही एक काली स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर तीनों महिलाओं को कुचलते हुए निकल गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान नवटोली (धकजरी) गांव निवासी रीता देवी (42), किरण देवी (40) और फूलदाई देवी (70) के रूप में हुई है।
- रीता देवी, पच्चू शाह की पत्नी थीं।
- किरण देवी, राजू महतो की पत्नी थीं।
- फूलदाई देवी, स्वर्गीय अरुण झा की पत्नी थीं।
घटना की खबर मिलते ही तीनों के परिवारों में मातम पसर गया।
गुवाहाटी नंबर की है स्कॉर्पियो
हादसे में शामिल स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर AS 01 FC 5516 बताया गया है। वाहन के नंबर में 'AS' असम का कोड है, जबकि '01' गुवाहाटी आरटीओ क्षेत्र को दर्शाता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त चालक नींद में था और उसे झपकी आने की वजह से सड़क पर ठीक से दिखाई नहीं दिया। हालांकि, चालक के नींद में होने की बात की पुलिस स्तर से पुष्टि होना अभी बाकी है।
शव हटाने से इनकार, सड़क पर लगा जाम
हादसे के बाद आक्रोशित परिजन शवों को सड़क से हटाने के लिए तैयार नहीं हुए। लोगों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
सुबह करीब 6 बजे से लगभग 10 बजे तक जगदंबा पेट्रोल पंप के पास यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर करीब एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।
पुलिस और प्रशासन मौके पर
सूचना मिलने के बाद बेनीपट्टी और अरेर थाना की पुलिस के साथ स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारी परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने का प्रयास करते रहे।
थानाध्यक्ष अनूप कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। उन्होंने कहा कि फरार चालक और वाहन को जल्द पकड़ा जाएगा और मामले में ठोस कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं घटनास्थल पर लोगों में चालक के खिलाफ काफी आक्रोश देखा जा रहा है।