Kosi Live-कोशी लाइव '3 बेटों की एक साथ उठी अर्थी...' पूर्णिया में खेल-खेल में डूबे मासूम; अवैध खनन ने छीन ली मासूमों की सांसें - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 9, 2026

'3 बेटों की एक साथ उठी अर्थी...' पूर्णिया में खेल-खेल में डूबे मासूम; अवैध खनन ने छीन ली मासूमों की सांसें

कसबा (पूर्णिया)। पूर्णिया जिले के कसबा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुल्लाखास पंचायत के आलम नगर (वार्ड नंबर 7) में रविवार की सुबह एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।यहां घर के पास खेल-खेल में पानी से भरे गहरे गड्ढे में चले जाने से तीन सगे मासूम भाइयों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों की पहचान आलमगीर के पुत्र मो. मोफिजूल (11 वर्ष), मो. तफीजूल (9 वर्ष) और सैराजुल (7 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेलते-खेलते गड्ढे के पास पहुंचे थे बच्चे, ग्रामीणों ने निकाले शव

मृतक बच्चों के पिता आलमगीर ने बताया कि रविवार की सुबह करीब 8 बजे उनके तीनों बेटे घर के पास खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे घर से महज 100 मीटर दूर स्थित धर्म कांटा के पास बने पानी से भरे गहरे गड्ढे के समीप चले गए और अचानक उसमें डूब गए। साथ में मौजूद अन्य बच्चों ने भागकर परिजनों को हादसे की जानकारी दी।जब तक परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक तीनों मासूमों की सांसें थम चुकी थीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पहुंची कसबा थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच (GMCH) पूर्णिया भेज दिया है।

8 बेटों में से 3 की एक साथ उठी अर्थी, मुआवजे की मांग

पिता आलमगीर के कुल आठ बेटे थे, जिनमें से तीन की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता दुलहरी, पिता आलमगीर, दादा मो. अख्तर और दादी मेहनूर का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटनास्थल पर पहुंचे प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष रतेश आनंद ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और अंचलाधिकारी (CO) से तत्काल सरकारी मुआवजा देने की मांग की। कसबा के अंचलाधिकारी निशांत कुमार ने बताया कि राजस्व कर्मचारी को जांच के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।अवैध खनन से बना गड्ढा बना मासूमों की मौत का कारण

स्थानीय ग्रामीणों में इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि खेत के पास अवैध मिट्टी खनन कर कई फीट गहरा गड्ढा छोड़ दिया गया था, जिसमें बारिश का पानी भर गया था। सुरक्षा के कोई इंतजाम न होने के कारण यह गड्ढा मासूमों के लिए मौत का फंदा साबित हुआ।