सदर थाना क्षेत्र में बड़ी चोरी, 5 लाख के जेवरात समेत कपड़े-मोबाइल ले उड़े चोर
परीक्षा की तैयारी करते-करते सो गई बेटी, उसी कमरे में घुसे चोर; परिवार को भनक तक नहीं लगी
सदर थाना क्षेत्र की वीणा पंचायत के वार्ड नंबर-01 स्थित बिंदी टोला में शनिवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। चोरों ने सुधीर कुमार यादव के घर के एक कमरे को निशाना बनाकर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, कीमती कपड़े और मोबाइल फोन चोरी कर लिए। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पढ़ाई करते-करते सो गई बेटी, कमरे में घुस गए चोर
गृहस्वामी सुधीर कुमार यादव ने बताया कि उनकी बेटी करीब एक महीने पहले ससुराल से परीक्षा देने के लिए मायके आई थी। शनिवार रात वह घर के एक कमरे में बैठकर पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई करते-करते करीब एक बजे उसकी आंख लग गई।
परिजनों के मुताबिक, इसी दौरान चोर घर में दाखिल हुए और उसी कमरे में रखे सामान को खंगालने लगे। परिवार के किसी सदस्य को इसकी भनक तक नहीं लगी। चोर जेवरात, कपड़े और मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए।
पांच लाख के जेवरात समेत कीमती सामान चोरी
परिजनों के अनुसार, चोरी गए सामान में करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा कीमती कपड़े और एक मोबाइल फोन भी चोरी हुआ है। सुबह चोरी का पता चलने के बाद घर में हड़कंप मच गया।
परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
आसपास के लोगों से पूछताछ, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच करने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। सदर थाना पुलिस चोरी की घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
सदर थाना प्रभारी रामसेवक रावत ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है। पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चोरी के बाद ग्रामीणों ने उठाया नशे का मुद्दा
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने इलाके में बढ़ते सूखे नशे के चलन को लेकर चिंता जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि नशे की लत में पड़े कुछ युवक अपनी जरूरत पूरी करने के लिए चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते नशे और अपराध पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में चोरी और छिनतई की घटनाएं बढ़ सकती हैं।