Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS: होमगार्ड जवान की पिटाई, थानेदार समेत 3 पर आरोप; SP ने दिए जांच के आदेश - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, August 6, 2026

BIHAR NEWS: होमगार्ड जवान की पिटाई, थानेदार समेत 3 पर आरोप; SP ने दिए जांच के आदेश


रानीगंज/अररिया। अररिया जिले के रानीगंज अंचल कार्यालय में तैनात एक होमगार्ड जवान के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में घायल जवान का इलाज अररिया सदर अस्पताल में चल रहा है।मामले में एक थाना अध्यक्ष समेत तीन लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं।घायल जवान की पहचान रानीगंज अंचल कार्यालय में तैनात चंदन कुमार साह के रूप में हुई है। उनके साथी हर्षित कुमार कुशवाहा ने बताया कि मंगलवार की शाम ड्यूटी समाप्त होने के बाद चंदन कुमार बाजार में नाश्ता करने गए थे।

इस दौरान क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी और चोरी की घटनाओं को लेकर चर्चा हो रही थी। लोगों ने होमगार्ड जवान से इस पर कार्रवाई की बात कही, जिस पर उन्होंने कहा कि उनकी ड्यूटी अंचल कार्यालय की सुरक्षा तक सीमित है।इसी दौरान वेटरनरी अस्पताल परिसर में थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ छापेमारी कर रहे थे। आरोप है कि वहां चंदन कुमार की थाना अध्यक्ष से किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि थाना अध्यक्ष समेत तीन लोगों ने मिलकर चंदन कुमार की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी।

मारपीट के बाद चंदन कुमार मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। साथी कर्मियों ने उन्हें तत्काल अररिया सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। परिजनों और सहकर्मियों के अनुसार उन्हें कान से सुनने में परेशानी, सीने में दर्द तथा पैर में गंभीर चोट लगी है। उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।इधर, घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी।