मुंगेर में जब्त ट्रक थाना परिसर से गायब: थानाध्यक्ष समेत 3 पुलिसकर्मी निलंबित, खान निरीक्षक पर भी कार्रवाई की सिफारिश
मुंगेर। मुंगेर के मुफस्सिल थाना परिसर से गिट्टी लदा जब्त ट्रक गायब होने के मामले में पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के बाद मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह, थाना मुंशी अरविंद कुमार और पीटीसी धनंजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। तीनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
वाहन जांच के दौरान जब्त हुआ था ट्रक
एसपी के अनुसार, 3 जुलाई को तत्कालीन खान निरीक्षक मो. अरमान ने वाहन जांच के दौरान गिट्टी लदे एक ट्रक को पकड़ा था। जब्त किए गए ट्रक को सुरक्षित रखने के लिए मुफस्सिल थाना परिसर में लाया गया था।
बताया गया कि करीब एक सप्ताह बाद खनन विभाग के अधिकारी जब ट्रक के संबंध में थाना पहुंचे, तो थाना परिसर से जब्त ट्रक गायब मिला। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस के वरीय अधिकारियों को दी गई।
DSP मुख्यालय के नेतृत्व में हुई जांच
थाना परिसर से जब्त वाहन के गायब होने की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लिया। एसपी के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर पूरे मामले की जांच कराई गई।
जांच के दौरान थाना परिसर में जब्त ट्रक की सुरक्षा और उसकी निगरानी से जुड़े पुलिसकर्मियों की भूमिका की पड़ताल की गई। जांच रिपोर्ट में थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह, मुंशी अरविंद कुमार और पीटीसी धनंजय कुमार की भूमिका संदिग्ध पाई गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
तीनों के खिलाफ होगी विभागीय कार्रवाई
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि थाना परिसर में सुरक्षित रखे गए जब्त ट्रक को वहां से कैसे हटाया गया और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इसके साथ ही गायब ट्रक की बरामदगी के लिए भी पुलिस की कार्रवाई जारी है।
खान निरीक्षक ने थाने में ट्रक लाया, लेकिन नहीं दी सूचना
जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। पुलिस के अनुसार, खान निरीक्षक मो. अरमान ने वाहन जांच के दौरान ट्रक को जब्त कर थाना परिसर में तो लाया था, लेकिन इसकी सूचना तत्कालीन थानाध्यक्ष को तत्काल नहीं दी थी।
इस लापरवाही को भी गंभीरता से लेते हुए खान निरीक्षक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक की ओर से जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है।
ट्रक की बरामदगी और अन्य पहलुओं की जांच जारी
मामले में पुलिस अब गायब हुए ट्रक की तलाश के साथ-साथ इससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। थाना परिसर से जब्त वाहन के गायब होने की घटना ने पुलिस की निगरानी और जब्त वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।