स्कूल में चौथी कक्षा के छात्र की पिटाई का आरोप: शिक्षक ने गर्दन मरोड़ने की कोशिश की, परिजनों के हंगामे के बाद हिरासत में लिया
फारबिसगंज, अररिया। फारबिसगंज के छुआपट्टी स्थित शिशु भारती स्कूल में मंगलवार को चौथी कक्षा के छात्र की शिक्षक द्वारा कथित रूप से बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना में छात्र हर्षित केशव घायल हो गया। छात्र की मां और परिजनों ने आरोप लगाया है कि पिटाई के दौरान शिक्षक ने बच्चे की गर्दन भी मरोड़ दी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई। छात्र के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी विद्यालय पहुंच गए और हंगामा करने लगे। आक्रोशित लोगों ने आरोपी शिक्षक की भी पिटाई कर दी।
छात्र की तबीयत खराब होने पर शिक्षक से कही थी बात
घायल छात्र हर्षित केशव, गोढ़ियारी चौक फारबिसगंज निवासी मनोज कुमार का पुत्र है। अस्पताल में इलाज के दौरान छात्र ने बताया कि स्कूल में अचानक उसकी तबीयत खराब लगने लगी थी। उसने इसकी जानकारी शिक्षक आशिम दत्ता को दी। छात्र के अनुसार, उसकी बात सुनकर शिक्षक नाराज हो गए और उसकी पिटाई कर दी।
परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान बच्चे की गर्दन भी मरोड़ी गई, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।
पुलिस ने शिक्षक को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शिक्षक का भी अस्पताल में इलाज कराया।
वहीं घायल छात्र को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज ले जाया गया। ड्यूटी पर मौजूद उपाधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार और डॉ. नवल किशोर ने बच्चे का इलाज किया। चिकित्सकों के अनुसार, छात्र के गर्दन में चोट आई है।
शिक्षक ने आरोप को बताया बेबुनियाद
मामले में आरोपी शिक्षक आशिम दत्ता ने छात्र और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है।
विद्यालय के प्रिंसिपल रमेश कुमार झा ने बताया कि बच्चे की पिटाई की घटना की जानकारी उन्हें मिली है। जानकारी मिलने के बाद विद्यालय में ही बच्चे का प्राथमिक उपचार कराया गया था। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच की जाएगी।
लिखित शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलने के बाद शिक्षक को हिरासत में लिया है। मामले में लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
समाचार प्रेषण तक विद्यालय प्रबंधन और घायल छात्र के परिजनों के बीच मामले को लेकर बातचीत और सुलह का प्रयास चल रहा था। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।