मोतिहारी में घोड़े से शराब तस्करी, युवक गिरफ्तार: 52.560 लीटर विदेशी शराब बरामद; शादी में घोड़ा चलाने का काम बंद हुआ तो आया आइडिया
मोतिहारी। जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करी का एक अनोखा मामला सामने आया है। पुलिस ने घोड़े के जरिए विदेशी शराब की खेप ले जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 52.560 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे घोड़े को भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिमी चंपारण जिले के नौतन थाना क्षेत्र के तेलुआ ब्रम टोला निवासी राहुल कुमार, पिता विक्रम यादव के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पहाड़पुर थाना पुलिस को शनिवार सुबह करीब 9 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति घोड़े के जरिए शराब की खेप लेकर इलाके से गुजरने वाला है। सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल विशेष छापेमारी अभियान चलाया और संदिग्ध स्थान पर घेराबंदी कर दी।
कुछ देर बाद पुलिस ने एक युवक को घोड़े के साथ जाते हुए पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 52.560 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस आरोपी और घोड़े को थाने ले आई।
शादी में घोड़ा किराए पर देता था
पुलिस पूछताछ में आरोपी राहुल ने बताया कि वह पहले शादी-विवाह और अन्य समारोहों में घोड़ा किराए पर देने का काम करता था। उसके परिवार में लंबे समय से घोड़े पालने का काम होता रहा है।
आरोपी के मुताबिक फिलहाल शादी-विवाह का सीजन नहीं होने के कारण उसका यह काम बंद था। इससे आर्थिक परेशानी बढ़ गई थी। इसी दौरान उसके दिमाग में घोड़े के जरिए शराब की तस्करी करने का आइडिया आया।
राहुल ने पुलिस को बताया कि वह उत्तर प्रदेश से शराब लेकर आया था। हालांकि, पुलिस को इसकी भनक लग गई और कार्रवाई के दौरान वह पकड़ा गया।
नेटवर्क की भी जांच कर रही पुलिस
पहाड़पुर थाना अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
शराब तस्करों पर लगातार कार्रवाई
मोतिहारी जिले में शराबबंदी कानून के तहत पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच के साथ-साथ गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी भी की जा रही है।
घोड़े के जरिए शराब की तस्करी का यह मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब की तस्करी और अवैध बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।