मधेपुरा में 5 नाबालिग बच्चियों के अपहरण का मामला, FIR के 4 घंटे में दूसरे जिले से सकुशल बरामद; 2 किशोर पकड़े गए
मधेपुरा: जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम घास काटने गईं पांच नाबालिग बच्चियों के कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को महज चार घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में दो नाबालिग युवकों को भी पकड़ा है। दोनों के खिलाफ विधि-विरुद्ध किशोर के रूप में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घास लेने गई थीं बच्चियां, फिर नहीं लौटीं
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार शाम करीब तीन बजे बिहारीगंज थाना क्षेत्र के कुस्थन गांव में हुई। पांचों नाबालिग बच्चियां घास लेने के लिए घर से निकली थीं। आरोप है कि गांव के कुछ लड़के उन्हें शादी की नीयत से अपने साथ लेकर चले गए।
बच्चियों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। देर रात तक खोजबीन के बावजूद जब बच्चियों का कोई पता नहीं चला तो परिजन परेशान हो गए।
शुक्रवार सुबह दर्ज हुई FIR
शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे बच्चियों के परिजन बिहारीगंज थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर बिहारीगंज थाना कांड संख्या 315/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह के निर्देश पर उदाकिशुनगंज एसडीपीओ आशीष राज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
कई टीमों को जांच में लगाया गया
विशेष टीम में पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार गुप्ता, बिहारीगंज थानाध्यक्ष लवकुश कुमार, एसआई महबूब आलम, डीआईयू मधेपुरा की टीम, स्वाट टीम और बिहारीगंज थाना रिजर्व गार्ड को शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी और अन्य माध्यमों से सुराग जुटाते हुए अंतरजिला क्षेत्र में कार्रवाई की। इसके बाद पांचों नाबालिग बच्चियों और दो नाबालिग युवकों को करीब चार घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।
शुरुआती जांच में प्रेम-प्रसंग का एंगल
शुक्रवार शाम आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ आशीष राज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि बरामद नाबालिगों से पूछताछ और विस्तृत जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों नाबालिग युवकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।