Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS: थाने के पास बेकाबू स्कॉर्पियो ने 3 को कुचला: BMP जवान की मौके पर मौत, दरोगा और होटल संचालक गंभीर; चालक गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 9, 2026

BIHAR NEWS: थाने के पास बेकाबू स्कॉर्पियो ने 3 को कुचला: BMP जवान की मौके पर मौत, दरोगा और होटल संचालक गंभीर; चालक गिरफ्तार

मोतीपुर थाने के पास बेकाबू स्कॉर्पियो ने 3 को कुचला: BMP जवान की मौके पर मौत, दरोगा और होटल संचालक गंभीर; चालक गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मोतीपुर थाने के मुख्य गेट के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने थाने में तैनात बीएमपी जवान और एक दरोगा को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद बेकाबू वाहन थाने के गेट के बाहर स्थित एक होटल में जा घुसा और होटल संचालक को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बीएमपी जवान भार्गव भूषण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दरोगा और होटल संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सब्जी खरीदने बाजार जा रहे थे जवान और दरोगा

जानकारी के अनुसार, बीएमपी जवान भार्गव भूषण और मोतीपुर थाने में पदस्थापित दरोगा शनिवार देर शाम सब्जी खरीदने के लिए थाना परिसर से निकलकर मोतीपुर बाजार की ओर जा रहे थे।

बताया गया कि जैसे ही दोनों थाने के मुख्य गेट से बाहर निकले, उसी दौरान मोतिहारी की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो संख्या BR 06 EL 2759 अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन ने दोनों पुलिसकर्मियों को सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। इसके बाद भी स्कॉर्पियो नहीं रुकी और सड़क किनारे स्थित होटल में जा घुसी। वहां मौजूद होटल संचालक भी वाहन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो पास के एक गड्ढे में पलट गई।

पूर्णिया के रहने वाले थे भार्गव भूषण

हादसे में जान गंवाने वाले बीएमपी जवान भार्गव भूषण मूल रूप से पूर्णिया जिले के रहने वाले थे। वह करीब एक महीने से मोतीपुर थाने में कार्यरत थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

वहीं हादसे में घायल दरोगा सीवान जिले के रतवारा निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में तीसरे घायल व्यक्ति की पहचान मोतीपुर पुरानी बाजार निवासी होटल संचालक विनोद कुमार साह के रूप में हुई है।

दोनों घायलों को SKMCH रेफर किया गया

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए मोतीपुर पीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया।

इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पश्चिमी-1 की डीएसपी सुचित्रा कुमारी भी मौके पर पहुंचीं।

स्कॉर्पियो जब्त, समस्तीपुर का चालक गिरफ्तार

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। डीएसपी सुचित्रा कुमारी के अनुसार, वाहन चालक सुमित कुमार, निवासी समस्तीपुर को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसा तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।