Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में 25 वर्षीय युवक की हत्या, धान के खेत में मिला शव - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, August 25, 2026

मधेपुरा में 25 वर्षीय युवक की हत्या, धान के खेत में मिला शव

मधेपुरा में 25 वर्षीय युवक की हत्या, धान के खेत में मिला शव

ग्वालपाड़ा: मधेपुरा के ग्वालपाड़ा प्रखंड स्थित पश्चिम टोला वार्ड नंबर-2 में सोमवार रात 25 वर्षीय युवक की हत्या कर शव धान के खेत में फेंकने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान झालो यादव के पुत्र गंगा सागर उर्फ चनचन यादव के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह खेत में शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही ग्वालपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा भेज दिया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच के दौरान संभावित साक्ष्य जुटाए।

शाम को घर से निकला था युवक

मृतक के पिता ने बताया कि गंगा सागर सोमवार शाम घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने घर से करीब पौने किलोमीटर पश्चिम धान के खेत में उसका शव पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।

परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर के दरवाजे पर ले आए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी वहां पहुंची और मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट से भी मौत के कारणों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

तीन भाइयों में सबसे छोटा था गंगा सागर

गंगा सागर तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई बुद्धिसागर की करीब दो वर्ष पहले मौत हो चुकी है, जबकि दूसरे भाई का नाम शिवसागर है। परिजनों के मुताबिक गंगा सागर की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। हालांकि करीब एक वर्ष बाद उसकी पत्नी अलग हो गई और बाद में उसने दूसरी शादी कर ली।

सौतेली मां का रो-रोकर बुरा हाल

युवक की हत्या की खबर के बाद पूरे टोले में मातम पसरा है। मृतक की सौतेली मां रूबी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक वह बार-बार बेहोश हो रही हैं। घर में परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल बेहद गमगीन बना हुआ है।

आवेदन मिलने के बाद दर्ज होगी प्राथमिकी

थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक किसी व्यक्ति पर शक जाहिर नहीं किया गया है और न ही लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।