Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR: ऑनलाइन लोन के नाम पर ठगी करने वाले 7 साइबर अपराधी गिरफ्तार, 15 मोबाइल और डेटा बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, August 25, 2026

BIHAR: ऑनलाइन लोन के नाम पर ठगी करने वाले 7 साइबर अपराधी गिरफ्तार, 15 मोबाइल और डेटा बरामद

नवादा में साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, 7 गिरफ्तार; 15 मोबाइल बरामद

नवादा/वारिसलीगंज: वारिसलीगंज थाना पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा। इनके पास से 15 एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए गए हैं। आरोपी बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस समेत अन्य कंपनियों के नाम पर ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे।

तीन ठिकानों पर छापेमारी, सात गिरफ्तार

एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर डीएसपी सुजय विद्यार्थी के नेतृत्व में कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में टीम ने चकवाय-गौसपुर सड़क किनारे बगीचा, चैनपुरा बजरंगबली मंदिर के पास और मीर बिगहा ईंट-भट्ठा के समीप छापेमारी की।

पुलिस ने तीनों स्थानों से क्रमश: तीन, दो और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

बैंक अधिकारी बनकर करते थे संपर्क

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खुद को बैंक मैनेजर या फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर लोगों से संपर्क करते थे। ऑनलाइन लोन स्वीकृत कराने का झांसा देकर आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, फोटो और ई-मेल जैसी निजी जानकारी हासिल कर लेते थे।

इसके बाद लोन की प्रोसेसिंग फीस के नाम पर लोगों से पैसे वसूलते थे।

सात आरोपियों की हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव कुमार, शुभम कुमार, कन्हैया कुमार, सन्टू कुमार, सौरभ कुमार, साहिल कुमार और सचिन कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 613/26 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

मोबाइल की तकनीकी जांच जारी

पुलिस बरामद 15 मोबाइल फोन की तकनीकी जांच कर रही है। जांच के जरिए साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस को पूछताछ और तकनीकी जांच से गिरोह के संचालन और ठगी के अन्य मामलों से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।