खास बात यह रही कि जिस कार्यक्रम में तेज प्रताप ये बातें कह रहे थे, वहां पवन सिंह भी मौजूद थे. कार्यक्रम में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार भी शामिल हुए थे.
तेज प्रताप बोले- अंदर ठुमका लगा रहे पवन सिंह
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने तेज प्रताप से कलाकारों के शराब पीने को लेकर सवाल किया. इस पर उन्होंने कहा कि कुछ कलाकार शराब पीते हैं और उन्हें इससे दूर रहना चाहिए. इसके बाद जब उनसे नाम पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अंदर जो ठुमका लगा रहा है, वह पवन सिंह हैं. तेज प्रताप ने कहा कि पवन सिंह अब एमएलसी हो गए हैं और शराब पी रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि अगर उनका टेस्ट कराया जाए तो वह पकड़े जाएंगे.
'बिहार में शराबबंदी है तो टेस्ट करा लीजिए'
तेज प्रताप के आरोप पर जब पत्रकारों ने सवाल किया कि बिहार में तो शराबबंदी लागू है, फिर वह ऐसा कैसे कह रहे हैं? इस पर उन्होंने कहा कि जांच करा लीजिए, टेस्ट होगा तो सच्चाई सामने आ जाएगी. तेज प्रताप ने आगे सत्ता पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कुछ लोग सत्ता में हैं और सत्ता का आनंद ले रहे हैं, जबकि जनता सड़क पर परेशान है. इसी दौरान उन्होंने पवन सिंह को 'बड़ा लफुआ' बता दिया और कहा कि वह ऐसे लोगों के बारे में चर्चा नहीं करना चाहते.
तेज प्रताप बोले- मैं शराब नहीं पीता
अपने ऊपर किसी तरह का सवाल न उठे, इसलिए तेज प्रताप ने खुद के बारे में भी सफाई दी. उन्होंने कहा कि वह भगवान कृष्ण के भक्त हैं और वृंदावन आते-जाते रहते हैं. तेज प्रताप ने बताया कि उन्होंने तुलसी की माला धारण की है और वह शराब नहीं पीते.
बता दें कि 'भोजपुरी बवाल' का आयोजन पटना के ज्ञान भवन में किया गया था. कार्यक्रम के दौरान तेज प्रताप से उनके पूर्व पीए मोतीलाल के बारे में भी सवाल किया गया. इस पर उन्होंने कहा कि वह शुरुआत में कार्यक्रम में थे, लेकिन अब नहीं हैं और पुलिस उन्हें तलाश रही है.
पवन सिंह पर पहले भी साध चुके हैं निशाना
तेज प्रताप यादव इससे पहले भी पवन सिंह को लेकर बयान दे चुके हैं. कुछ समय पहले उन्होंने आरोप लगाया था कि पवन सिंह हमेशा किसी न किसी सहारे रहते हैं. तेज प्रताप ने दावा किया था कि एक समय पवन सिंह लखनऊ में उनके पैरों में गिरे रहते थे और अब किसी दूसरे के पैरों में गिरे हुए हैं.