मधेपुरा की सभी 160 पंचायतों में बनेंगे पंचायत सरकार भवन: 96 का निर्माण पूरा, 53 पर काम जारी; 20 हजार से ज्यादा सोलर लाइटें लगीं
मधेपुरा। जिले के ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं के लिए अब प्रखंड और जिला मुख्यालय के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे। जिले की सभी 160 ग्राम पंचायतों में पंचायत सरकार भवन विकसित किए जा रहे हैं। इनमें से 96 भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 53 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कार्य जारी है।
पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश ने शनिवार को मधेपुरा सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पंचायतों को सशक्त बनाना और प्रशासनिक सेवाओं को ग्रामीणों के घर के करीब पहुंचाना है।
पंचायत स्तर पर मिलेंगी सरकारी सेवाएं
मंत्री ने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीणों के लिए स्थानीय स्तर पर सरकारी सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनेंगे। यहां पंचायत स्तर पर ही लोगों की विभिन्न समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाओं की व्यवस्था विकसित की जा रही है।
इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे कामों के लिए प्रखंड और जिला मुख्यालय जाने की जरूरत कम होगी। इससे लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
सभी 160 पंचायतों में चल रहा RTPS
मधेपुरा जिले में कुल 160 ग्राम पंचायतें हैं और सभी पंचायतों के लिए पंचायत सरकार भवन के स्थल स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें 96 भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 53 पर काम चल रहा है। शेष भवनों के निर्माण की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।
मंत्री के अनुसार, जिले की सभी 160 पंचायतों में RTPS का संचालन भी किया जा रहा है।
22,630 सोलर स्ट्रीट लाइट का लक्ष्य
ग्रामीण क्षेत्रों में रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत जिले में 22,630 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अब तक 20,035 सोलर लाइटें लगाई जा चुकी हैं। यह निर्धारित लक्ष्य का 88.53 प्रतिशत है। मंत्री ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में सोलर स्ट्रीट लाइट योजना से रात के समय रोशनी के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
71 पंचायतों में कन्या विवाह मंडप
मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत मधेपुरा जिले की 71 पंचायतों को चिह्नित किया गया है। सभी 71 पंचायतों को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। इनमें से 4 पंचायतों को तकनीकी स्वीकृति भी प्राप्त हो गई है।
मंत्री ने अधिकारियों को पंचायत सरकार भवन समेत सभी निर्माणाधीन योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं में तेजी के साथ निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया।