Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:ना/बालिग से दुष्कर्म का आरोप: घर से मस्जिद ले गया मौलाना, पढ़ाने वाले कमरे में वारदात; केस के 8 घंटे में गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, August 8, 2026

BIHAR:ना/बालिग से दुष्कर्म का आरोप: घर से मस्जिद ले गया मौलाना, पढ़ाने वाले कमरे में वारदात; केस के 8 घंटे में गिरफ्तार

दरभंगा में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप: घर से मस्जिद ले गया मौलाना, पढ़ाने वाले कमरे में वारदात; केस के 8 घंटे में गिरफ्तार

दरभंगा। घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने मोहल्ले की मस्जिद में बच्चों को पढ़ाने वाले 45 वर्षीय मौलाना जैनुल आबेदीन पर आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के करीब आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पीड़िता के पिता के आवेदन के अनुसार, उनकी बेटी रोज शाम करीब 6:30 बजे अन्य बच्चों के साथ मस्जिद में पढ़ने जाती थी। 6 अगस्त को भी वह पढ़ने गई थी और करीब 7:45 बजे घर लौट आई। रात में परिवार के सभी सदस्य सो गए। करीब 10:45 बजे दादी ने बच्ची के कमरे में नहीं होने की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।

रात में घर से ले जाने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि मौलाना रात में घर आया और बच्ची को मस्जिद की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में ले गया। परिवार के मुताबिक, इसी कमरे में वह बच्चों को पढ़ाता था। आरोप है कि वहां बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया।

परिजनों के अनुसार, बच्ची रात करीब 3 बजे खुद घर लौटी। उसकी हालत ठीक नहीं थी। उसने परिवार को घटना की जानकारी दी। पीड़िता ने कथित तौर पर यह भी बताया कि आरोपी ने उसे घटना के बारे में किसी को बताने पर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी।

मौलाना को घर की जानकारी होने का दावा

पीड़िता के माता-पिता का कहना है कि आरोपी का उनके घर पहले से आना-जाना था। इसलिए उसे घर की व्यवस्था और परिवार के सदस्यों के सोने की जगह की जानकारी थी। परिजनों ने यह भी बताया कि जिस कमरे में बच्ची अपनी दादी के साथ सोती थी, उसमें दरवाजा नहीं लगा था।

प्राथमिकी के बाद आरोपी गिरफ्तार

मामले में 7 अगस्त को पीड़िता के पिता ने घनश्यामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मौलाना जैनुल आबेदीन को अलीनगर थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव से गिरफ्तार कर लिया।

घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि नाबालिग के पिता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पीड़िता की मेडिकल जांच करा रही है और मामले की जांच जारी है।