Kosi Live-कोशी लाइव UP: अश्लील इशारे, गंदी बातें और इधर-उधर हाथ...वाराणसी में पुरुषों से छेड़खानी करने वाली 2 महिलाएं गिरफ्तार, काशी के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, July 26, 2026

UP: अश्लील इशारे, गंदी बातें और इधर-उधर हाथ...वाराणसी में पुरुषों से छेड़खानी करने वाली 2 महिलाएं गिरफ्तार, काशी के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा

रेलवे स्टेशन पर पुरुषों से अश्लील इशारे करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार, एंटी रोमियो टीम की कार्रवाई

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एंटी रोमियो टीम ने राहगीरों से अश्लील इशारे कर उन्हें परेशान करने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाएं रेलवे स्टेशन के बाहर पिलर नंबर 57 से 60 के बीच खड़ी होकर आने-जाने वाले लोगों, जिनमें युवक, बुजुर्ग और अन्य राहगीर शामिल थे, से अभद्र इशारे करती थीं। लोगों की लगातार शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

सिगरा थाना क्षेत्र की एंटी रोमियो टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज ने बताया कि 24 जुलाई को राहगीरों ने सूचना दी थी कि रेलवे स्टेशन के पास कुछ महिलाएं अश्लील इशारे कर लोगों को परेशान कर रही हैं, जिससे सार्वजनिक माहौल प्रभावित हो रहा था। सूचना मिलते ही एंटी रोमियो टीम सक्रिय हुई और मौके से दोनों महिलाओं को पकड़ लिया।

अलीगढ़ में महिला से छेड़छाड़ का मामला भी दर्ज

इधर, अलीगढ़ के खैर कस्बे में एक विधवा महिला की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणी और सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

पीड़िता ने बताया कि वह अपने बेटे को खाना देने के लिए घर से निकलती है तो मोहल्ले के दो युवक अक्सर उस पर भद्दी टिप्पणियां और छींटाकशी करते हैं। आरोप है कि 10 जुलाई को दुकान से लौटते समय दोनों युवकों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। जब महिला ने उनके घर जाकर शिकायत की तो उसे धक्का देकर बाहर निकाल दिया गया।

पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर कन्हैया उर्फ वंश और देवेश, निवासी मोहल्ला गौतमान, खैर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।