छपरा हिंसा में घायल BDO रितेश कुमार सिंह की सिर की सर्जरी, हालत स्थिर
छपरा: बिहार के छपरा शहर में शुक्रवार को तनावपूर्ण माहौल के दौरान हुए पथराव में ड्यूटी पर तैनात रिविलगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) रितेश कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया।
पटना के अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उनके सिर की सफल सर्जरी की। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है, हालांकि वे अभी सब-कॉन्शियस (Sub-conscious) अवस्था में हैं। चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है और अगले कुछ दिन उनके स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब चार बजे छपरा के खनुआ इलाके में तनाव बढ़ने के बाद पथराव शुरू हो गया। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने में जुटी थी। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद BDO रितेश कुमार सिंह के सिर पर एक पत्थर आकर लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया, जहां उनकी सर्जरी की गई।
पथराव की घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हालात अचानक कैसे बिगड़े और पथराव किन परिस्थितियों में हुआ।
फिलहाल प्रशासन के लिए राहत की बात यह है कि BDO रितेश कुमार सिंह की सर्जरी सफल रही है और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।