हेडलाइन:
सहरसा में पारिवारिक विवाद के बीच जहरकांड: डेढ़ साल की बच्ची की मौत, मां-बेटा अस्पताल में भर्ती
सहरसा: जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र के मधुरा वार्ड-06 में पारिवारिक विवाद के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कथित रूप से जहर खाने से डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और 4 वर्षीय भाई का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मृत बच्ची की पहचान डिम्पल कुमारी (1.5 वर्ष) के रूप में हुई है। उसकी मां सोनी कुमारी (25) और भाई गोलू कुमार (4) की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। गुरुवार को पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की नानी शकुंतला देवी ने आरोप लगाया कि उनके दामाद लालू राम अक्सर बेटी के साथ मारपीट करते थे और उन्होंने ही बेटी व दोनों बच्चों को जहर खिलाया। उनका कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से आपसी अविश्वास और दूसरे संबंधों के शक को लेकर विवाद चलता था।
वहीं, पति लालू राम ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि पत्नी ने खुद कीटनाशक खाया और दोनों बच्चों को भी खिला दिया। उनके अनुसार, बाहर कमाने जाने और पत्नी के मायके जाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। उन्होंने स्वीकार किया कि बहस के दौरान उन्होंने पत्नी को घास के डंडे से मारा था, जिसके बाद पत्नी कमरे में जाकर कीटनाशक खा ली।
माधव हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. अभिमन्यु कुमार ने बताया कि तीनों को प्वाइजनिंग की हालत में अस्पताल लाया गया था। बच्ची की मौत हो गई, जबकि महिला और उसका बेटा अब खतरे से बाहर हैं।
सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस फर्द बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। फिलहाल, किसी भी पक्ष के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।