Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में 550 से अधिक उच्च विद्यालयों में खुलेंगी मिट्टी जांच प्रयोगशालाएं, कृषि मंत्री ने किया एलान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, July 23, 2026

बिहार में 550 से अधिक उच्च विद्यालयों में खुलेंगी मिट्टी जांच प्रयोगशालाएं, कृषि मंत्री ने किया एलान

पटना। राज्य के 550 से अधिक उच्च विद्यालयों में मिट्टी जांच प्रयोगशालाओं की स्थापना होगी। विधानसभा में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इसकी घोषणा की।वे बिहार में कैंसर, किडनी व लिवर के बढ़ते मामलों के प्रति ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर सरकार की ओर से उत्तर दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के उन विद्यालयों में अधिसंख्य बच्चे किसानों के हैं, अतएव वे उन प्रयोगशालाओं में सहजता से अपने खेत की मिट्टी की जांच करेंगे-कराएंगे।

मिट्टी के स्वास्थ्य के अनुरूप उर्वरक-रसायन व कीटनाशक का संतुलित उपयोग करेंगे। इससे फसलों में विषैली धातुओं की मात्रा कम होगी।

जैविक खेती के लिए कर रहे प्रोत्साहित

इसी के साथ उन्होंने बताया कि किसानों को एक तिहाई भूमि पर प्राकृतिक व जैविक खेती के लिए भी सरकार प्रोत्साहित कर रही है। हमारी खाद्य शृंखला में जब ऐसी फसलें होंगी, तो कैंसर और दूसरी बीमारियां अपेक्षाकृत कम होंगी।

ध्यानाकर्षण प्रस्ताव राजद के कुमार सर्वजीत का था। उनका कहना था कि पटना व आसपास के इलाकों में प्रदूषित नालों के जल से उगाई जा रही सब्जियों में सीसा और कैडमियम जैसी विषैली भारी धातुओं की मात्रा अनुमान्य सीमा से काफी अधिक है।

यह दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय का शोध है। इन सब्जियों का उपयोग करने वाले लोग कैंसर और दूसरी गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हो रहे।

प्रखंड स्तर पर निगरानी समिति के गठन और किसानों को प्रशिक्षण दिए जाने का सुझाव दिया। मंत्री ने कहा कि कृषि कैबिनेट से जुड़े 12 विभाग समन्वित रूप से योजना बनाएंगे और इस समस्या से बिहार को मुक्ति दिलाएंगे। अभी 30 हजार हेक्टेयर परिक्षेत्र में जैविक खेती शुरू हो गई है।

पारंपरिक खेती के लिए जिला स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। जागरूकता और बचाव के लिए उन्होंने तीन पहल को बेहतरीन बताया। पहला, खेत बचाओ अभियान, दूसरा, फार्मर एग्री-स्टेक और तीसरा, मिट्टी जांच।