पूर्णिया: मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पूर्णिया जिले की रौटा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 68.32 ग्राम स्मैक (ब्राउन शुगर), एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, ₹1,07,850 नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद सदाम अंसारी और मोहम्मद शहबाज अंसारी, दोनों निवासी बालू टोला, थाना रौटा, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों अपने घर से स्मैक का अवैध कारोबार कर रहे हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ बायसी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। बुधवार को दोनों के घर पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने 68.32 ग्राम स्मैक, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, ₹1.07 लाख से अधिक नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने स्मैक के कारोबार में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मोहम्मद सदाम अंसारी के खिलाफ वर्ष 2023 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
रौटा थानाध्यक्ष हरि प्रसाद यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।