थाने में घुसकर वीडियो बनाया, 25 हजार की मांग का आरोप, खुद को यूट्यूबर पत्रकार बताने वाले पर FIR
सहरसा: सहरसा जिले के सलखुआ थाना में खुद को "न्याय तक न्यूज" नाम के यूट्यूब चैनल का पत्रकार बताने वाले एक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का आरोप है कि युवक अपने साथी के साथ बिना अनुमति थाना परिसर में घुसकर वीडियो बनाने लगा और बाद में वीडियो अपलोड नहीं करने के बदले 25 हजार रुपये की मांग की।
पुलिस के अनुसार, घटना 4 जुलाई की दोपहर करीब 3:15 बजे की है। प्रशिक्षु सब-इंस्पेक्टर बिट्टू कुमार के आवेदन पर दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि उनकी अनुपस्थिति में दो युवक माइक और मोबाइल लेकर थाना परिसर और कार्यालय के अंदर पहुंच गए तथा वीडियो रिकॉर्डिंग करने लगे।
पूछताछ के दौरान एक युवक ने अपनी पहचान बृजेश कुमार यादव के रूप में बताते हुए कहा कि वह "न्याय तक न्यूज" नाम से यूट्यूब चैनल चलाता है। आरोप है कि उसने थाना के खिलाफ कई वीडियो रिकॉर्ड करने की बात कही और 25 हजार रुपये दिलाने की मांग करते हुए कहा कि पैसे नहीं मिलने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर थाना की छवि खराब कर देगा।
एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि दोनों युवकों ने महिला हेल्प डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया, सरकारी कार्य में बाधा डाली और उनकी इच्छा के विरुद्ध जबरन माइक लगाकर वीडियो बनाने का प्रयास किया।
इस मामले में बृजेश कुमार यादव और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच महिला सब-इंस्पेक्टर रितु रानी को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
नोट: यह पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में लगाए गए आरोप हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपों पर संबंधित पक्ष का जवाब सामने आना बाकी है।