Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:भाजपा मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, गणेश पूजा का चंदा मांगने के दौरान वारदात - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, September 11, 2026

BIHAR:भाजपा मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, गणेश पूजा का चंदा मांगने के दौरान वारदात

भागलपुर में भाजपा मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, गणेश पूजा का चंदा मांगने के दौरान वारदात

भागलपुर: बबरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने भाजपा के श्रीनारायण मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती (50) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई, जब वे गणेश पूजा के आयोजन के लिए चंदा एकत्र करने निकले थे। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, कुतुबगंज निवासी उमा भूषण तांती गणेश पूजा को लेकर लोगों से संपर्क कर चंदा जुटा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस और परिजनों की मदद से घायल उमा भूषण तांती को इलाज के लिए जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

भाजपा नेता की हत्या की खबर फैलते ही मायागंज अस्पताल में बड़ी संख्या में भाजपा और एनडीए के नेता व कार्यकर्ता पहुंच गए। भाजपा विधायक रोहित पांडेय भी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने पुलिस से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।

बताया गया कि उमा भूषण तांती छह भाइयों में सबसे बड़े थे और परिवार के मुख्य स्तंभ माने जाते थे। उनकी हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।