Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR: सेना भर्ती की तैयारी के बीच थम गई सांस! दौड़ लगाते-लगाते मैदान में गिरे गोपालगंज के युवक की मौत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, July 6, 2026

BIHAR: सेना भर्ती की तैयारी के बीच थम गई सांस! दौड़ लगाते-लगाते मैदान में गिरे गोपालगंज के युवक की मौत

गोपालगंज। गोपालगंज के तिलंगही मैदान में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवक की दौड़ के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। युवक तीन राउंड पूरा करने के बाद अचानक मैदान में गिर पड़ा।साथियों ने तुरंत उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है।

दौड़ के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत

घटना सोमवार सुबह नगर थाना क्षेत्र स्थित तिलंगही मैदान की है, जहां प्रतिदिन करीब 200 से अधिक युवा सेना भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगाने आते हैं।

रंजीत कुमार भी अपने दोस्तों के साथ तय समय में चार राउंड पूरा करने के लिए दौड़ रहे थे। तीसरा राउंड पूरा करते ही वह अचानक मैदान में गिरकर बेहोश हो गए, जिससे वहां मौजूद युवाओं में अफरा-तफरी मच गई।अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं मिला CPR

साथियों ने बिना देर किए रंजीत को सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन प्राथमिक उपचार के दौरान ही उनकी मौत हो गई।

चिकित्सकों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का प्रतीत होता है। साथ ही यह भी आशंका जताई गई कि यदि मौके पर समय रहते सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया जाता, तो जान बचने की संभावना हो सकती थी।

सेना में जाने का सपना अधूरा रह गया

मृतक रंजीत कुमार नगर थाना क्षेत्र के बसडीला नवका टोला निवासी जयप्रकाश प्रसाद के पुत्र थे। वह बीए पार्ट-वन के छात्र थे और हर दिन सेना भर्ती की तैयारी के लिए मैदान में अभ्यास करने जाते थे।
परिवार और दोस्तों के अनुसार, रंजीत अनुशासित जीवन जीते थे और सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना उनका सबसे बड़ा सपना था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। वहीं रंजीत की असमय मौत से परिवार, दोस्त और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।