Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA:मोहर्रम में कट्टा लहराने वाले का पिता गिरफ्तार,हथियार छिपाने का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, July 3, 2026

PURNEA:मोहर्रम में कट्टा लहराने वाले का पिता गिरफ्तार,हथियार छिपाने का आरोप

मोहर्रम में कट्टा लहराने वाले का पिता गिरफ्तार

हथियार छिपाने का आरोप, पूर्णिया पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेजा; मुख्य आरोपी फरार

पूर्णिया। पूर्णिया जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में मोहर्रम के दौरान भीड़भाड़ वाली जगह पर कट्टा लहराने और फायरिंग करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में आरोपी के पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। हालांकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है।

व्हाट्सऐप पर मिला था वायरल वीडियो

मीरगंज थानाध्यक्ष रौशन सिंह को व्हाट्सऐप पर फायरिंग का वायरल वीडियो मिला था। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वीडियो का सत्यापन कराया गया, जिसमें फायरिंग करने वाले की पहचान मीरगंज थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद आशिक के रूप में हुई।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

वीडियो के आधार पर मीरगंज थाना में कांड संख्या 80/26 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी), 26 और 35 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

घर से बरामद हुआ देसी कट्टा

गुरुवार को पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। इस दौरान मुख्य आरोपी मोहम्मद आशिक फरार मिला। हालांकि पुलिस ने घर से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया।

हथियार छिपाकर रखने के आरोप में आरोपी के पिता मोहम्मद जुद्दीन साह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

मुख्य आरोपी की तलाश जारी

मीरगंज थाना प्रभारी रौशन सिंह ने बताया कि कट्टा लहराकर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।