पटना के होटल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 10 महिलाएं और एक युवक हिरासत में
पटना। पटना के गांधी मैदान इलाके में स्थित एक होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर देर रात की गई छापेमारी में होटल के कमरे से 10 महिलाएं और एक युवक को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान कमरे में मौजूद लोग आपत्तिजनक स्थिति में शराब पार्टी और मौज-मस्ती कर रहे थे। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और भागने की कोशिश हुई, लेकिन सभी पकड़े गए। इस दौरान होटल संचालक मौके से फरार हो गया।
होटल के कमरे में चल रहा था रैकेट
गांधी मैदान थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ने बताया कि पॉश इलाके में स्थित इस होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों और देह व्यापार की गुप्त सूचना मिल रही थी। इसके बाद पश्चिमी पुलिस अधीक्षक संकेत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
एक्जीबिशन रोड स्थित होटल के कमरे से शराब सहित कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए हैं। पुलिस सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है।
व्हाट्सऐप पर फोटो भेजकर होती थी डील
जांच में सामने आया है कि होटल में लड़कियां स्थायी रूप से रहती थीं। ग्राहकों को व्हाट्सऐप पर लड़कियों की तस्वीरें भेजी जाती थीं, जिसके बाद सौदा तय होता था। डील फाइनल होने पर ग्राहकों को ऑन-कॉल होटल बुलाया जाता था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, पिछले करीब एक वर्ष से यह अवैध गतिविधि संचालित हो रही थी।
कई राज्यों की हैं महिलाएं
पश्चिमी एसपी संकेत कुमार ने बताया कि होटल से पश्चिम बंगाल, दिल्ली और बिहार की महिलाएं मिली हैं। सभी बालिग हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस फरार होटल संचालक की तलाश में जुटी है। पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।