सीतामढ़ी में पुलिस मुठभेड़, कुख्यात अपराधी फैकन कुमार के पैर में लगी गोली
CSP संचालक से लूट मामले में 5 साथियों समेत गिरफ्तार, हथियार बरामद
सीतामढ़ी। सीतामढ़ी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी फैकन कुमार घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है। उसके साथ 5 अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी पर हाल ही में सीएसपी संचालक से डेढ़ लाख रुपये लूटने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को रीगा थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक से करीब 1.50 लाख रुपये की लूट हुई थी। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार रात करीब 11 बजे रीगा थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने गिरोह को घेर लिया।
पुलिस के मुताबिक, फैकन कुमार ने मोटरसाइकिल से भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हथियार और बाइक बरामद
गिरफ्तार अपराधियों में फैकन कुमार, फेकन कुमार उर्फ बंटू कुमार, गुड्डू कुमार, अनिल कुमार और कमलेश कुमार शामिल हैं।
पुलिस ने इनके कब्जे से दो देसी कट्टा, एक देसी पिस्टल, दो कारतूस और लूटी गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मुख्य आरोपी फैकन कुमार पर लूट और डकैती समेत कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
ऐसे हुई थी CSP से लूट
गुरुवार को रीगा थाना क्षेत्र के अनहाड़ी स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई थी। अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने पिस्टल के बल पर सीएसपी संचालक राजेश्वर ठाकुर से करीब 1.70 लाख रुपये लूट लिए थे।
अपराधियों ने दुकान में घुसकर शटर गिरा दिया और संचालक को हथियार दिखाकर नकदी लेकर फरार हो गए।
10 दिन पहले भी चर्चा में आया था फैकन
फैकन कुमार करीब 10 दिन पहले भी चर्चा में आया था, जब बोखरा थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया था। बताया गया था कि उसकी सोशल मीडिया के जरिए एक शादीशुदा महिला से दोस्ती हुई थी और वह उससे मिलने उसके मायके पहुंच गया था।
सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने उसे पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया था। उस घटना का वीडियो भी काफी वायरल हुआ था।