Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA:शादी का झांसा देकर 14 वर्षीय नाबालिग से यौन शोषण करने वाला आरोपी शागिर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, July 15, 2026

PURNEA:शादी का झांसा देकर 14 वर्षीय नाबालिग से यौन शोषण करने वाला आरोपी शागिर गिरफ्तार

Purnea POCSO Case: पूर्णिया जिले के अमौर थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित यौन शोषण का मामला सामने आया है. पीड़िता के पिता की लिखित शिकायत पर अमौर थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मुख्य अभियुक्त शागीर को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप

पीड़िता के पिता द्वारा थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार गांव के ही युवक शागीर ने उनकी 14 वर्षीय बेटी को प्रेम संबंध में फंसाया और शादी का झांसा देकर पिछले लगभग एक वर्ष से कथित रूप से उसका यौन शोषण किया. शिकायत में कहा गया है कि जब नाबालिग ने शादी की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगा.

मां को बताई पूरी आपबीती

आवेदन के अनुसार परेशान होकर नाबालिग ने पूरी घटना अपनी मां को बताई. इसके बाद परिजनों को मामले की जानकारी हुई. शिकायत में यह भी कहा गया है कि 30 जून को जब पीड़ित परिवार आरोपी के घर बातचीत के लिए पहुंचा तो आरोपी के परिजनों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और धमकी दी.

पंचायत में नहीं पहुंचे आरोपी पक्ष के लोग

Purnea POCSO Case: पीड़ित परिवार के अनुसार मामले के समाधान के लिए पंचायत भी बुलाई गई थी, लेकिन आरोपी पक्ष के लोग पंचायत में शामिल नहीं हुए. इसके बाद पीड़ित पक्ष ने अमौर थाना में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की.

पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

अमौर थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता के आवेदन के आधार पर अमौर थाना कांड संख्या 307/2026 दर्ज किया गया है. मामले की जांच अपर थानाध्यक्ष अनंत राम द्वारा की जा रही है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त शागीर को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आगे की जांच जारी है.