हेडलाइन:
तौलिया पहनकर थाना में फरियादी का काम कर रहे थे ASI, वीडियो वायरल होते ही निलंबित
खबर
बाढ़ (पटना)। बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना में तैनात एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) का तौलिया पहनकर थाना परिसर में फरियादी से बातचीत करने और दस्तावेज लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने संबंधित एएसआई अंजनी कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वायरल वीडियो में एएसआई अंजनी कुमार सिंह तौलिया पहने हुए एक फरियादी से केस से जुड़े दस्तावेज लेते दिखाई दे रहे हैं। उनके बगल में एक अन्य पुलिसकर्मी वर्दी में मौजूद है। वीडियो सामने आने के बाद राजद के आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी इसे साझा किया गया, जहां बिहार सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए।
एएसआई ने दी सफाई
एएसआई अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि वह शौचालय जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान नालंदा से आए कुछ लोग, जिनकी चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद हुई थी, उनका नाम लेकर खोज रहे थे। उन्होंने बताया कि लोगों को अधिक देर इंतजार नहीं कराना चाहते थे, इसलिए उसी स्थिति में उनका एफआईआर की प्रति, मोटरसाइकिल के कागजात और आधार कार्ड लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और फिर शौचालय चले गए।
एएसआई का दावा है कि इसी दौरान थाना पहुंची एक महिला शिक्षिका ने उनका वीडियो बना लिया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल फरियादियों का काम तुरंत करना था।
ग्रामीण एसपी ने की कार्रवाई
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए एएसआई अंजनी कुमार सिंह को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। मामले की विभागीय जांच भी कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।