Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:दो साल से सड़क किनारे खड़ा ट्रक बना मौत का जाल, बड़े हादसे का खतरा; प्रशासन से कार्रवाई की मांग - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, July 10, 2026

MADHEPURA:दो साल से सड़क किनारे खड़ा ट्रक बना मौत का जाल, बड़े हादसे का खतरा; प्रशासन से कार्रवाई की मांग

दो साल से सड़क किनारे खड़ा ट्रक बना मौत का जाल, बड़े हादसे का खतरा; प्रशासन से कार्रवाई की मांग

रिपोर्ट/सनातन कुमार

मधेपुरा/सिंहेश्वर: सिंहेश्वर थाना के समीप पिछले करीब दो वर्षों से सड़क किनारे खड़ा एक लावारिस ट्रक राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। व्यस्त मार्ग पर लंबे समय से खड़े इस ट्रक के कारण स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि यह ट्रक किसी भी समय बड़े सड़क हादसे की वजह बन सकता है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, ट्रक को हटाने के लिए कई बार संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान इस ओर दिलाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। व्यस्त सड़क के किनारे खड़े इस भारी वाहन से खासकर रात के समय और बारिश के दौरान दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहन चालकों को ट्रक के कारण काफी परेशानी होती है। कई बार वाहन चालक अचानक सामने ट्रक देखकर संतुलन खो बैठते हैं, जिससे दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की उदासीनता के कारण यह समस्या लगातार बनी हुई है।

क्षेत्र के लोगों और वाहन चालकों ने जिला प्रशासन से अविलंब ट्रक को हटाने, पूरे मामले की जांच कराने तथा भविष्य में इस तरह की लापरवाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की होगी।