Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में वैशाली एक्सप्रेस से करोड़ों नहीं, लाखों की शराब खेप पकड़ी गई: RPF-उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 300 बोतल बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, July 10, 2026

सहरसा में वैशाली एक्सप्रेस से करोड़ों नहीं, लाखों की शराब खेप पकड़ी गई: RPF-उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 300 बोतल बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

सहरसा में वैशाली एक्सप्रेस से करोड़ों नहीं, लाखों की शराब खेप पकड़ी गई: RPF-उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 300 बोतल बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

सहरसा: बिहार में शराबबंदी कानून के बीच रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और उत्पाद विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वैशाली एक्सप्रेस के खाली रैक से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। छापेमारी के दौरान करीब 300 बोतल विदेशी शराब एवं बीयर जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 48 हजार 600 रुपये बताई गई है। मामले में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

आरपीएफ के अनुसार, शुक्रवार को गाड़ी संख्या 15566 वैशाली एक्सप्रेस के मार्ग रक्षण दल में तैनात आरक्षी विजय कुमार ने सूचना दी कि उत्पाद विभाग की टीम सुपौल स्टेशन पर दो संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। गुप्त सूचना मिली थी कि ललितग्राम से सहरसा वाशिंग पिट आने वाले वैशाली एक्सप्रेस के खाली रैक के जरिए शराब की खेप लाई जा रही है।

सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार के नेतृत्व में टीम सक्रिय हो गई। राघोपुर, सरायगढ़ और सुपौल स्टेशन पर आरपीएफ जवानों को अलर्ट किया गया तथा मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को भी मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद सुपौल स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर ट्रेन को रोककर आरपीएफ और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने एसी कोचों की सघन तलाशी ली।

तलाशी के दौरान एसी कोच बी-4, बी-5 सहित अन्य कोचों से कुल 279 लीटर विदेशी शराब और 21 लीटर बीयर बरामद हुई। शराब को तीन पिट्ठू बैग और नौ प्लास्टिक के बोरे में छिपाकर रखा गया था। जांच में सभी बोतलें हरियाणा निर्मित पाई गईं, जिन पर हरियाणा में बिक्री के लिए चिह्नित होने का उल्लेख था। उत्पाद विभाग ने पूरी खेप को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविनाश कुमार चौधरी उर्फ फेंटा (45 वर्ष), निवासी कृष्णानगर वार्ड-37 तथा विनीत कुमार (25 वर्ष), निवासी कहरा वार्ड-10 के रूप में हुई है। दोनों को उत्पाद विभाग ने गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तस्कर ट्रेनों के खाली रैक का इस्तेमाल कर शराब की खेप बिहार तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे। उत्पाद विभाग और आरपीएफ अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटे हैं, ताकि शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जा सके।