भाजपा का झंडा लगाकर शराब तस्करी! 392 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
लखीसराय: बिहार में शराबबंदी कानून के बीच लखीसराय उत्पाद थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा का झंडा लगी एक लग्जरी चार पहिया वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से वाहन चालक समेत दो तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
उत्पाद निरीक्षक निर्मल कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि उजले रंग की एक चार पहिया गाड़ी (नंबर BR-01P6-9999) के आगे भाजपा का झंडा लगाकर शराब माफिया विदेशी शराब की खेप लेकर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर उत्पाद थाना पुलिस ने जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग पर तेतरहाट बाजार के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान जमुई की ओर से आ रही संदिग्ध गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से 1097 बोतल विदेशी शराब, जिसकी कुल मात्रा 392.655 लीटर थी, बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन चालक मिठ्ठू कुमार, पिता सुरेंद्र यादव, निवासी सेवा गांव, थाना गिद्धौर (जमुई) तथा मनीष पासवान, पिता गंगा पासवान, निवासी आश्रम घघरा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उत्पाद निरीक्षक निर्मल कुमार ने बताया कि तस्कर वाहन पर भाजपा का झंडा लगाकर पुलिस को भ्रमित करने और जांच से बचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन गुप्त सूचना और सतर्क जांच के कारण उनका यह प्रयास विफल हो गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।