हेडलाइन:
शराबबंदी की धज्जियां उड़ाने वाले एएसआई गिरफ्तार, ड्यूटी जॉइन करने के कुछ घंटे बाद ही नशे में किया हंगामा
मधेपुरा। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद मधेपुरा में एक पुलिस पदाधिकारी द्वारा शराब के नशे में हंगामा करने का मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के मठाही पुलिस शिविर में नवपदस्थापित एएसआई देवेंद्र ठाकुर को शराब पीकर सार्वजनिक स्थल पर हंगामा करने और स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौज करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शंकरपुर थाना से तबादले के बाद एएसआई देवेंद्र ठाकुर ने मंगलवार को ही मठाही पुलिस शिविर में योगदान दिया था। लेकिन उसी रात करीब आठ बजे वह कथित तौर पर शराब के नशे में मठाही चौक पहुंच गए और स्थानीय लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगे। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
वायरल हुआ वीडियो, एसपी ने लिया तत्काल संज्ञान
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सदर थाना पुलिस ने एएसआई को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई, जिसमें उनके शराब पीने की पुष्टि हुई।
लोगों ने मौके पर ही जांच की उठाई मांग
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले एएसआई ने चौक पर लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध होने पर वह अपने सरकारी आवास पर चले गए। इसके बाद ग्रामीण वहां पहुंच गए और पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। लोगों का कहना था कि जब आम नागरिक शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार होकर जेल भेजे जाते हैं, तो पुलिसकर्मी के साथ भी समान कार्रवाई होनी चाहिए।
वायरल वीडियो में एएसआई देवेंद्र ठाकुर कुछ लोगों से माफी मांगते और मामले को रफा-दफा करने की बात करते नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरे वीडियो में उनके द्वारा गाली-गलौज किए जाने की चर्चा भी हो रही है।
ढाई घंटे तक चला हंगामा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब आठ बजे शुरू हुआ विवाद लगभग 10:30 बजे तक चला। इस दौरान मठाही चौक पर बड़ी संख्या में लोग जमा रहे और मौके पर ही ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच कराने की मांग करते रहे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भान टेकठी पंचायत के मुखिया विकास कुमार, मठाही के सरपंच बलराम यादव और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारी सुनील कुमार ने लोगों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया, लेकिन ग्रामीण तत्काल जांच की मांग पर अड़े रहे। बाद में सदर थाना पुलिस एएसआई को हिरासत में लेकर थाना चली गई, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
69 एमजी/100 एमएल अल्कोहल की पुष्टि
एसपी संदीप सिंह ने बताया कि मंगलवार रात ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि मठाही पुलिस शिविर में तैनात एएसआई देवेंद्र ठाकुर शराब पीकर अपने आवास पर हंगामा कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद उन्हें पुलिस अभिरक्षा में लेकर जांच कराई गई, जिसमें 69 मिलीग्राम प्रति 100 मिलीलीटर रक्त में अल्कोहल की पुष्टि हुई। इसके बाद एएसआई को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।