Kosi Live-कोशी लाइव BNMU परीक्षा हॉल में छात्रा ने बनाई भोजपुरी रील, एडमिट कार्ड दिखाते वीडियो वायरल; जांच शुरू - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, July 15, 2026

BNMU परीक्षा हॉल में छात्रा ने बनाई भोजपुरी रील, एडमिट कार्ड दिखाते वीडियो वायरल; जांच शुरू

हेडलाइन:

BNMU परीक्षा हॉल में छात्रा ने बनाई भोजपुरी रील, एडमिट कार्ड दिखाते वीडियो वायरल; जांच शुरू

मधेपुरा। बीएन मंडल विश्वविद्यालय (BNMU) की स्नातक द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा के दौरान परीक्षा हॉल के अंदर कथित तौर पर एक छात्रा द्वारा भोजपुरी गाने पर रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आ गया है। वीडियो में छात्रा अपना एडमिट कार्ड भी दिखाती नजर आ रही है, जिससे परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विश्वविद्यालय ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वायरल वीडियो में छात्रा भोजपुरी गीत "पढ़े न जाइब पढ़ाई... कोचिंग क्लास करे के... माई रे, चुमा मांगे ले मास्टरवा, मैट्रिक पास करे के..." पर रील बनाती दिखाई दे रही है। वीडियो में वह विश्वविद्यालय का एडमिट कार्ड भी कैमरे के सामने दिखाती है।

इंस्टाग्राम पर अपलोड हुआ वीडियो

जानकारी के अनुसार, यह वीडियो इंस्टाग्राम पर 'काजल विष्णु' नाम के यूजर अकाउंट से अपलोड किया गया था। पोस्ट के कैप्शन में "बीए सेकंड सेमेस्टर एग्जाम टाइम मस्ती, आरजेएम कॉलेज सहरसा" लिखा गया था। वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित इंस्टाग्राम प्रोफाइल को प्राइवेट कर दिया गया।

रमेश झा महिला कॉलेज का बताया जा रहा वीडियो

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो बीएनएमयू से संबद्ध रमेश झा महिला कॉलेज, सहरसा में आयोजित बीए द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा के दौरान बनाया गया बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि वीडियो वास्तव में परीक्षा हॉल के अंदर और उसी परीक्षा के दौरान बनाया गया था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी जांच पूरी होने तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

मोबाइल पर पहले से था पूर्ण प्रतिबंध

गौरतलब है कि बीएनएमयू ने 25 जून 2026 को सभी परीक्षा केंद्राधीक्षकों को निर्देश जारी कर परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था। निर्देश में स्पष्ट कहा गया था कि किसी भी परिस्थिति में परीक्षा हॉल के अंदर मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं होने चाहिए।

विश्वविद्यालय ने यह भी निर्देश दिया था कि यदि किसी परीक्षा केंद्र से परीक्षा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होता है, तो संबंधित छात्र को तत्काल निष्कासित करते हुए इसकी सूचना परीक्षा नियंत्रक कार्यालय को भेजी जाए।

परीक्षा नियंत्रक ने दिए जांच के आदेश

बीएनएमयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. अरुण कुमार झा ने कहा कि उन्हें अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो किस कॉलेज और किस परीक्षा का है, इसकी जांच कराई जा रही है। संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं और जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

परीक्षा हॉल के अंदर कथित तौर पर रील बनाए जाने और उसके सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और मोबाइल प्रतिबंध के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अब पूरे मामले में विश्वविद्यालय की जांच रिपोर्ट और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।