Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:घर लौट रही महिला को तेज रफ्तार XUV ने रौंदा, मौके पर मौत: बेटे की हालत गंभीर, ग्रामीणों ने पीछा कर वाहन पकड़ा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, July 5, 2026

MADHEPURA:घर लौट रही महिला को तेज रफ्तार XUV ने रौंदा, मौके पर मौत: बेटे की हालत गंभीर, ग्रामीणों ने पीछा कर वाहन पकड़ा

हेडलाइन:
घर लौट रही महिला को तेज रफ्तार XUV ने रौंदा, मौके पर मौत: बेटे की हालत गंभीर, ग्रामीणों ने पीछा कर वाहन पकड़ा

उदाकिशुनगंज (मधेपुरा): मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद भाग रहे XUV चालक का ग्रामीणों ने पीछा कर वाहन पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

मृतका की पहचान लश्करी पंचायत के वार्ड संख्या-6 निवासी 50 वर्षीय कल्पना देवी के रूप में हुई है। वह अपने 20 वर्षीय बेटे प्रिंस कुमार के साथ बाइक से एक कॉलेज में आवश्यक कार्य पूरा कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाराटेनी सत्संग भवन के समीप पीछे से तेज रफ्तार XUV (BR43AG4708) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कल्पना देवी सड़क पर गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे उनके बेटे प्रिंस कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद XUV चालक वाहन लेकर फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल XUV को जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।