हेडलाइन:
नरहैया के प्राथमिक विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी आयोजित, ड्रॉपआउट बच्चों को फिर से स्कूल से जोड़ने पर जोर
सुपौल: छातापुर प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय यादव राम टोला, नरहैया के प्रांगण में 4 जुलाई 2026 को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालय छोड़ चुके (ड्रॉपआउट) बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना तथा सरकारी योजनाओं और विद्यालय में उपलब्ध मौलिक सुविधाओं की जानकारी अभिभावकों तक पहुंचाना था।
संगोष्ठी में शिक्षिका मधुलता कुमारी, शिक्षक पप्पू कुमार, रसोइया बुधनी देवी एवं सरिता देवी उपस्थित रहीं। वहीं अभिभावकों में राम कुमार राम, योगेन्द्र राम, सुभाष यादव, करण कुमार, चंद्रिका देवी, रीना देवी, कंचन देवी, पिंकी देवी सहित कई ग्रामीणों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान बच्चों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सरकारी लाभों का बेहतर क्रियान्वयन तथा विद्यालय और अभिभावकों के बीच समन्वय को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सभी अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों का नियमित रूप से विद्यालय भेजना सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्रधानाध्यापक फैज अहमद ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ अगली बैठक तक के लिए संगोष्ठी की समाप्ति की घोषणा की।