इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाली दोनों युवतियों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में आदिगोपालपुर की रहने वाली राजू चौधरी की 23 वर्षीय बेटी नेहा कुमारी और सरफुद्दीनपुर के रहने वाले सोहन चौधरी की 23 वर्षीय बेटी निशु कुमारी शामिल हैं। परिजनों के मुताबिक, दोनों युवतियां एक ग्रामीण समूह में काम करती थीं और रोज़ की तरह अपने काम के सिलसिले में स्कूटी से एक साथ जा रही थीं। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही काल बनी ब्लैक फॉर्च्यूनर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
दुर्घटना का शिकार हुई वीआईपी नंबर (BR-11BB-0001) वाली ब्लैक फॉर्च्यूनर कार पूर्णिया जिले की चर्चित बीजेपी महिला नेत्री नूतन गुप्ता की बताई जा रही है। चश्मदीदों के अनुसार, गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक संतुलन खो बैठा और यह भयावह हादसा हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में कोहराम मच गया और आनन-फानन में दोनों गंभीर रूप से घायल युवतियों को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (SKMCH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के वक्त बीजेपी नेत्री की गाड़ी में कौन-कौन सवार था और उनकी स्थिति क्या है, यह अभी तक पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो फॉर्च्यूनर कार पूरी तरह खाली मिली और उसमें सवार सभी लोग मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने क्रेन की मदद से झाड़ियों में फंसी क्षतिग्रस्त फॉर्च्यूनर को बाहर निकाल लिया है। बोचहाँ थाना पुलिस ने दोनों युवतियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार गाड़ी सवारों की पहचान के लिए मामले की सघन जांच में जुट गई है।