927 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बिना नंबर की थार जब्त
मधेपुरा: जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुरलीगंज थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने 927 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मौके से एक बिना नंबर की थार एसयूवी और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रवेंद्र भारती ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 23 जुलाई को मुरलीगंज थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि बिना नंबर की एक थार में भारी मात्रा में स्मैक की खेप लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में मुरलीगंज थाना, डीआईयू और स्वाट टीम की संयुक्त छापेमारी टीम गठित की गई।
छापेमारी के दौरान संदिग्ध थार की तलाशी लेने पर 927 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान मधेपुरा थाना क्षेत्र के जयपतपट्टी वार्ड-15 निवासी राजकिशोर प्रसाद यादव और सहरसा निवासी अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान स्मैक के अलावा बिना निबंधन संख्या की थार और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपितों के विरुद्ध मुरलीगंज थाना कांड संख्या 444/26 दर्ज कर एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ जारी है। उनके आपराधिक इतिहास, स्मैक की सप्लाई चेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि मधेपुरा पुलिस का नशा विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।