Kosi Live-कोशी लाइव भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार बने बिहार पुलिस के DSP, 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना के तहत मिली नियुक्ति - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, July 24, 2026

भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार बने बिहार पुलिस के DSP, 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना के तहत मिली नियुक्ति

हेडलाइन:
भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार बने बिहार पुलिस के DSP, 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना के तहत मिली नियुक्ति
पटना: बिहार सरकार की 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना के तहत भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को बिहार पुलिस में पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर नियुक्त किया गया। शुक्रवार को पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोनों खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपा।
इस अवसर पर राज्य सरकार ने कुल 19 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को विभिन्न सरकारी पदों पर नियुक्ति पत्र वितरित किए। साथ ही 637 खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत चयन पत्र भी प्रदान किए गए।
एथलीट पीयूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक (SI) के पद पर नियुक्ति मिली। इसके अलावा पांच पैरा खिलाड़ियों सहित अन्य उत्कृष्ट खिलाड़ियों को भी उनकी खेल उपलब्धियों के आधार पर सरकारी नौकरी दी गई। समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले तथा एथलेटिक्स में अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी सेतु मिश्रा को 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि दी गई। वहीं इसी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले विभास्कर कुमार को 2 लाख रुपये और कॉमनवेल्थ यूथ शतरंज चैंपियनशिप की ब्लिट्ज स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली मरियम फातिमा को 9 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।
राज्य सरकार ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में 637 खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा। इनमें उत्कर्ष योजना के 21, सक्षम योजना के 184 और प्रेरणा योजना के 432 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें से 269 खिलाड़ियों का चयन राज्यव्यापी 'मशाल प्रतिभा खोज कार्यक्रम' के माध्यम से किया गया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को सम्मानजनक भविष्य देने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में खिलाड़ियों को नौकरी, छात्रवृत्ति और सम्मान राशि जैसी सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं।