हेडलाइन:
सिंहेश्वर मंदिर परिसर में नशीले कफ सिरप का बड़ा खेल बेनकाब, 1750 पीस सिरप के साथ तस्कर गिरफ्तार
मधेपुरा: सिंहेश्वर मंदिर परिसर में अवैध रूप से प्रतिबंधित कफ सिरप की बिक्री करने वाले एक तस्कर को मद्य निषेध विभाग ने शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर में छापेमारी कर 1750 पीस प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
मद्य निषेध अधीक्षक दुर्गेश कुमार ने बताया कि विभाग को कई दिनों से मंदिर परिसर में नशीले कफ सिरप की अवैध बिक्री की सूचना मिल रही थी। लगातार निगरानी के बाद शनिवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से 10 पीस प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने घर में बड़ी मात्रा में कफ सिरप छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। इसके बाद टीम ने मंदिर परिसर से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित उसके घर पर छापेमारी कर 1750 पीस प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश कुमार गोस्वामी (38 वर्ष), निवासी गोस्वामी टोला, वार्ड संख्या-9, सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
मद्य निषेध विभाग के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक स्थलों के आसपास किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि नशीले पदार्थों की बिक्री की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।