हेडलाइन:
पूर्णिया में भीषण सड़क हादसा: सरिया लदा ट्रैक्टर पेड़ से टकराया, चालक की मौत
पूर्णिया: मरंगा थाना क्षेत्र के बायपास रोड पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर पर भारी मात्रा में लोहे का सरिया लदा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज गति के कारण चालक अचानक संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क से नीचे उतरकर सीधे पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक को संभलने का मौका नहीं मिला।
मृतक की पहचान बिनोद कुमार मंडल के रूप में हुई है, जो बीकोठी थाना क्षेत्र के भटसरा गुरुजी टोला के निवासी थे।
घटना की सूचना मिलते ही मरंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से चालक के शव को ट्रैक्टर से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु करने की कार्रवाई भी की गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन जीएमसीएच पूर्णिया पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।