Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:स्कूल में शिक्षक की टेबल पर मिली शराब की बोतल, हिरासत में लिया गया शिक्षक - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, July 18, 2026

BIHAR:स्कूल में शिक्षक की टेबल पर मिली शराब की बोतल, हिरासत में लिया गया शिक्षक

अररिया स्कूल में शिक्षक की टेबल पर मिली शराब की बोतल, हिरासत में लिया गया शिक्षक

अररिया: जिले के रानीगंज प्रखंड के मध्य विद्यालय शिव नगर डहरिया में शिक्षक की टेबल पर शराब की बोतल मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शिक्षक संजय कुमार (36) को हिरासत में लेकर पूछताछ की और शनिवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया।

शनिवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें शिक्षक अपनी कुर्सी पर बैठे दिखाई दे रहे हैं और उनके सामने टेबल पर शराब की बोतल रखी हुई है। वीडियो सामने आने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शिक्षक की टेबल पर रखी शराब की बोतल जब्त कर ली और संजय कुमार को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

हालांकि शिक्षक संजय कुमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है

रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जब्त शराब और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी गणेश कुमार ने कहा कि घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दे दी गई है और विभागीय स्तर पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।