सुपौल में बड़ा सड़क हादसा: पेड़ से टकराई यात्री बस, 5 घायल
सुपौल: जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में पांच यात्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल में भर्ती कराया गया है।
यह दुर्घटना NH-327E पर आरकेएस प्लांट के समीप हुई। जानकारी के अनुसार जय भोलेनाथ ट्रेवल्स की बस (BR50P1731) जदिया से सुपौल जा रही थी। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण और राहगीरों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को बस से सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।