पूर्णिया में एप्पल ड्रिंक की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़
1074.6 लीटर विदेशी शराब के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, असम से लाई जा रही थी खेप; समस्तीपुर में होनी थी डिलीवरी
पूर्णिया। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सदर थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 1074.6 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। शराब को एप्पल हाइड्रेशन ड्रिंक के कार्टन के पीछे छिपाकर असम से लाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक समेत 17,820 लीटर एप्पल ड्रिंक से भरी 1100 पेटियां भी जब्त की हैं। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना पर एनएच पर नाकेबंदी
पूर्णिया सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पाराशर के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रक संख्या BR01GP6334 में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर असम से पूर्णिया के रास्ते समस्तीपुर ले जाई जा रही है। सूचना से वरीय पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर शीशाबाड़ी मस्जिद के पास नाकेबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच शुरू की।
एप्पल ड्रिंक के पीछे छिपी थी शराब
ट्रक में मौजूद चालक और दो अन्य लोगों से पुलिस ने पूछताछ की। आरोपियों ने ट्रक में एप्पल हाइड्रेशन ड्रिंक लोड होने की बात कही। पुलिस ने जब ड्रिंक के कार्टन उतारकर जांच करने की कोशिश की तो आरोपी कार्टन खोलने से बचने लगे और टालमटोल करने लगे।
इसके बाद पुलिस ने ट्रक की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान एप्पल ड्रिंक के कार्टन के पीछे छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। शराब की कुल मात्रा 1074.6 लीटर बताई गई है।
समस्तीपुर में होनी थी शराब की डिलीवरी
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि शराब की यह खेप समस्तीपुर के नीतीश कुमार नामक व्यक्ति को डिलीवर की जानी थी। इसके बाद पुलिस अब इस पूरे शराब सिंडिकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच में जुट गई है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब असम में कहां से लोड की गई थी, इसके पीछे कौन लोग हैं और समस्तीपुर में इसकी डिलीवरी लेने वाला व्यक्ति कौन-कौन से लोगों के संपर्क में था।
समस्तीपुर के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार तीनों आरोपी समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र के चकजलाल वार्ड नंबर-8 के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूषण राय (41 वर्ष), प्रमोद राय (35 वर्ष) और निलेश कुमार (28 वर्ष) के रूप में हुई है।
भूषण राय ट्रक का मालिक होने के साथ खुद ट्रक चला रहा था। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस मोबाइल की जांच के जरिए शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है।
सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पाराशर ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब की बिक्री, तस्करी या किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए एसडीपीओ सदर-1 के आधिकारिक सीयूजी नंबर 9031827772 पर संपर्क किया जा सकता है।