Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:पूर्णिया के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही और साजिश का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, July 3, 2026

BIHAR:पूर्णिया के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही और साजिश का आरोप

पूर्णिया। पूर्णिया में एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने केंद्र प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाते हुए लापरवाही और साजिश का आरोप लगाया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है।

घटना थाना क्षेत्र स्थित ब्राइट फ्यूचर फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र की है। मृतक की पहचान मधुबनी थाना क्षेत्र के रेणु नगर कोरठबाड़ी निवासी आशीष कुमार (27) के रूप में हुई है।

मृतक के भाई एकलव्य ने बताया कि शुक्रवार को नशा मुक्ति केंद्र से फोन कर सूचना दी गई कि आशीष की अचानक तबीयत बिगड़ गई है और उसे इलाज के लिए लाया गया है। सूचना मिलते ही वह परिवार के साथ अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर पता चला कि उनके भाई की मौत हो चुकी थी।

नशा मुक्ति केंद्र के कर्मियों के अनुसार, आशीष पिछले दो दिनों से तेज बुखार से पीड़ित था और खुद दवा ले रहा था। शुक्रवार को अचानक उसे तेज माइग्रेन का दर्द हुआ, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हालांकि मृतक के भाई ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर उनके भाई की तबीयत दो दिनों से खराब थी, तो इसकी जानकारी परिवार को पहले क्यों नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की लापरवाही के कारण उनके भाई की जान गई।

परिजनों के अनुसार, आशीष को गांजा पीने की लत थी। इसी वजह से परिचित हर्ष के कहने पर उसे पिछले 25 दिसंबर को इलाज के लिए नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था।

एकलव्य ने दावा किया कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि पूरी घटना साजिश के तहत हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक दिन पहले उनके खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर उन्हें मारने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह किसी तरह बच गए। उनका कहना है कि भाई की मौत के जरिए उन्हें डराने और चुप कराने का प्रयास किया गया है।

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।