पटना। एंपरा लाइफ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सहित 29 औद्योगिक परियोजनाओं की स्थापना के लिए 37.95 एकड़ भूमि का आवंटन हुआ है। इन परियोजनाओं के माध्यम से बिहार में 5998.47 करोड़ के निवेश का अनुमान है।इसमें सर्वाधिक 5600 करोड़ का निवेश एंपरा करेगी।
किसी निजी एकल कंपनी द्वारा निवेश का यह अब तक का सबसे बड़ा प्रस्ताव है। पटना जिला में बिहटा के सिकंदरपुर औद्योगिक परिक्षेत्र में कारखाना लगाने के लिए एंपरा को 9.64 एकड़ भूमि का आवंटन हुआ है। यह कंपनी लिथियम-आयन बैटरी और इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन करती है।
शुक्रवार को बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) ने कुल 29 परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन पर अपनी मुहर लगाई। इनके अतिरिक्त उद्योगों की शीघ्र स्थापना और उनके संचालन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्लग एंड प्ले शेड्स के आवंटन को भी स्वीकृति दी गई।
इन परियोजनाओं के जरिये लगभग 3000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। सिकंदरपुर, हथुआ फेज-3, फारबिसगंज, लोहट फेज-1, बरियारपुर और फतुहा औद्योगिक परिक्षेत्र में इन परियोजनाओं की स्थापना होगी।
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि यह निवेश बिहार के औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करने के साथ ही अर्थव्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।
विभागीय सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बियाडा के माध्यम से निवेशकों को पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रक्रिया के अंतर्गत औद्योगिक भूमि उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही आधारभूत संरचना, बेहतर कनेक्टिविटी, सरल प्रक्रियाओं एवं निवेशक-अनुकूल नीतियों के माध्यम से उद्योग के लिए अनुकूल वातावरण बनाया जा रहा है। कुंदन बियाडा के प्रबंध निदेशक भी हैं।
इन कंपनियों से प्रस्ताव: एंपरा के अलावा श्रीश्री साईनाथ पावर इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड, रुंगटा इरिगेशन लिमिटेड, मेसर्स पंकज ट्रेडर्स, अनविरा ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, संगम इंडस्ट्रीज, कल्याण प्लास्टो इंडस्ट्रीज तथा लिसिका केमिकल प्राइवेट लिमिटेड आदि हैं।
इन क्षेत्रों की परियोजनाएं: स्वीकृत परियोजनाएं एडवांस्ड मेडिकल टेक्नोलॉजी, खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, रासायनिक विनिर्माण, प्लास्टिक उत्पाद निर्माण, ऑप्टिकल एमिशन स्पेक्ट्रोमीटर निर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन, फर्नीचर एवं फिक्स्चर, लिथियम-आयन बैटरी, कंप्रेस्ड बायो गैस तथा जनरल मैन्युफैक्चरिंग आदि से संबंधित हैं।