सहरसा। सहरसा जिले के सलखुआ थाना में पुलिस और कथित दलालों के गठजोड़ के साथ-साथ मादक पदार्थों के सिंडिकेट चलाने का बड़ा मामला सामने आया है। इस मामले में कोसी प्रमंडल के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर बड़ा खुलासा किया।
डीआईजी ने बताया कि बिहार पुलिस महानिदेशक (DGP) के निर्देश पर उन्होंने स्वयं सलखुआ थाना पहुंचकर औचक छापेमारी की। जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद थानाध्यक्ष समेत कुल 10 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
पुलिस मुख्यालय को गुप्त सूचना मिली थी कि सतीश कुमार नामक कथित दलाल, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और महिला सब-इंस्पेक्टर रविता कुमारी के माध्यम से थाना में दलाली का नेटवर्क चला रहा था। सूचना में यह भी कहा गया था कि सतीश का भाई चंद्रकिशोर रजक क्षेत्र में मादक पदार्थों का बड़ा सिंडिकेट संचालित कर रहा है।
2 जुलाई को डीआईजी ने सलखुआ थाना में औचक दबिश दी। जांच के दौरान थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और सतीश कुमार के बीच मोबाइल फोन पर लगातार संपर्क के पुख्ता सबूत मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने गोसपुर मंदिर के पास नीले रंग की पल्सर बाइक पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक काले बैग में लैपटॉप, की-बोर्ड, माउस, चार्जर तथा , और थानों की अत्यंत गोपनीय मूल केस डायरी बरामद हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए के एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सतीश कुमार को हिरासत में लिया। उसके खिलाफ सलखुआ थाना कांड संख्या 107/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस मामले में जिन पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है, उनमें मुकेश कुमार सिंह, सूबे लाल पासवान, पंकज कुमार, जूही कुमारी, शिशुपाल रविदास, अरमोद कुमार, चंद्रजीत प्रभाकर, पिंकी कुमारी, मनीषा कुमारी और ज्योतिष कुमार शामिल हैं। सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय एवं कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।
डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी थाना या पुलिस कार्यालय में बाहरी बिचौलियों या अवैध व्यक्तियों द्वारा पैरवी अथवा दलाली की सूचना मिले तो तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।