आरा। भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव के बधार के समीप बुधवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने चाचा-भतीजे को गोली मार दी। इस घटना में चाचा की मौत हो गई, जबकि भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल चाचा को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक बबुरा थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर गांव निवासी सहदेव राय के 45 वर्षीय पुत्र सूरज राय है। जबकि घायल उनके भतीजे दीपक कुमार (22 वर्ष), सुदर्शन राय के पुत्र हैं।
पट्टीदारों पर हत्या का आरोप
स्वजन ने पूर्व के भूमि विवाद को लेकर पट्टीदारों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह, कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र एवं सर्किल इंस्पेक्टर आशीष कुमार साह पुलिस बल के साथ आरा सदर अस्पताल पहुंचे और स्वजन से घटना की जानकारी ली।
मृतक को एक गोली सिर के पिछले हिस्से में और दूसरी गोली पेट के दाएं हिस्से में मारी गई थी। वहीं घायल भतीजे के दाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। उसका इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है।
भाइय़ों के बीच बांट दी जमीन
घायल दीपक कुमार ने बताया कि उसके चाचा सूर राय का रंग-रूप पूरी तरह गोरा-उजला जैसा था, जिसके कारण उनकी शादी नहीं हो सकी थी। उन्होंने अपने हिस्से की जमीन अपने भाइयों सुदर्शन राय और कामता राय के बीच बांट दी थी।
इसके बाद कामता राय ने अपने हिस्से की जमीन पर घर बना लिया। जब उसके पिता सुदर्शन राय अपने हिस्से की जमीन पर घर बनाने लगे, तो कामता राय ने इसका विरोध किया था, जिसके कारण दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया था।
22 अप्रैल घर में घुसकर मारपीट
घायल दीपक ने बताया कि 22 अप्रैल को कामता राय ने अपने बेटों के साथ मिलकर उनके घर में घुसकर मारपीट की थी और उसका अपहरण भी कर लिया था। इस मामले में बबुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। उसी केस में मंगलवार को वह अपने चाचा सूरज राय के साथ आरा कोर्ट में गवाही देने आया था।
कोर्ट में गवाही देकर लौटने के बाद वारदात
गवाही के बाद दोनों लौट रहे थे और पचैना गांव स्थित अपनी फुआ पतासो देवी के घर रुके थे। रात में जब दोनों अपने गांव वापस लौट रहे थे, तभी धर्मपुर गांव के बधार के समीप हथियारबंद बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय पुलिस दोनों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाई, जहां चिकित्सकों ने सूरज राय को मृत घोषित कर दिया। वहीं दीपक कुमार का इलाज जारी है।
घायल दीपक कुमार ने अपने पट्टीदार मनीष उर्फ पिंटू राय एवं नीतीश पर पूर्व के विवाद को लेकर चाचा सूरज राय की हत्या करने और खुद को गोली मारकर घायल करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।