पूर्णिया में शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 91 लीटर से अधिक शराब-बीयर जब्त; 2 गिरफ्तार
पूर्णिया जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ मद्यनिषेध विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। जिलाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर बुधवार को जिले के अलग-अलग स्थानों पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान विदेशी शराब और बीयर के साथ दोपहिया वाहन व मोबाइल फोन जब्त किए गए।
के. हाट में शराब के साथ एक गिरफ्तार
के. हाट (मद्यनिषेध थाना सदर) क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 7.500 लीटर IMFL (विदेशी शराब) बरामद हुई। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी भी जब्त की गई। मामले में धारा 30(a) एवं 47 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
डालकोला चेकपोस्ट पर दो अलग-अलग कार्रवाई
डालकोला चेकपोस्ट पर पहली कार्रवाई में 14.850 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। शराब परिवहन में इस्तेमाल Hero Super Splendor मोटरसाइकिल (BR11BU8743) जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, इसी चेकपोस्ट पर दूसरी कार्रवाई में 15.735 लीटर IMFL बरामद हुई। शराब ढोने में इस्तेमाल Hero Super Splendor मोटरसाइकिल (BR39Z2233) भी जब्त की गई। इस मामले में आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।
बायसी में 53 लीटर बीयर जब्त
बायसी थाना क्षेत्र के बखरिया, NH-31 के पास भी मद्यनिषेध विभाग ने कार्रवाई की। यहां से 53 लीटर बीयर, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। इस मामले में भी आरोपी फरार बताया गया है।
चारों कार्रवाइयों में कुल 91.085 लीटर शराब एवं बीयर जब्त की गई। विभाग ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।