Kosi Live-कोशी लाइव बिहार STF और मुफस्सिल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 4 करोड़ की हेरोइन, 3 लग्जरी गाड़ियां और नकदी जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, July 1, 2026

बिहार STF और मुफस्सिल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 4 करोड़ की हेरोइन, 3 लग्जरी गाड़ियां और नकदी जब्त

पूर्णिया। बिहार में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। बिहार एसटीएफ और मुफस्सिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पूर्णिया में छापेमारी कर 1950 ग्राम हेरोइन के साथ छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब चार करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन लग्जरी गाड़ियां, छह मोबाइल फोन और एक लाख रुपये नकद भी जब्त किए हैं। इस कार्रवाई को हाल के दिनों में सीमांचल क्षेत्र की सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में से एक माना जा रहा है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
एसएसपी **** ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि **** से भारी मात्रा में हेरोइन की खेप पूर्णिया के रास्ते दूसरे राज्यों में भेजी जानी है। सूचना मिलते ही बिहार एसटीएफ और पूर्णिया पुलिस ने संयुक्त रणनीति बनाकर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सतडोब स्थित एनएच-131ए पूर्णिया-कटिहार मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर दी।

कुछ ही देर बाद पुलिस ने तीन संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी शुरू की। जांच के दौरान एक काली स्कॉर्पियो की सीट के नीचे बेहद चालाकी से छिपाकर रखे गए 19 पैकेट हेरोइन बरामद किए गए।

19 पैकेट में छिपाकर लाई जा रही थी खेप
पुलिस के अनुसार, प्रत्येक पैकेट में करीब 103 ग्राम मादक पदार्थ था। कुल बरामदगी 1950 ग्राम, यानी लगभग दो किलोग्राम हेरोइन की हुई। इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन की बरामदगी ने पुलिस को भी चौंका दिया।

मौके से पुलिस ने छह तस्करों को दबोच लिया। सभी आरोपियों को मुफस्सिल थाना लाकर गहन पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह कोई छोटा गिरोह नहीं बल्कि एक संगठित अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क है।

जेल में बंद बड़े तस्कर से जुड़े हो सकते हैं तार
जांच एजेंसियों को शक है कि इस पूरे नेटवर्क के तार जेल में बंद किसी बड़े ड्रग तस्कर से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस इस एंगल पर भी गंभीरता से जांच कर रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लायरों और स्थानीय संपर्कों की पहचान की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन राज्यों तक पहुंचाया जाना था। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से ड्रग्स नेटवर्क के कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. सदानंद कुमार उर्फ शंकर कुमार — बेलौरी चौक, पूर्णिया
  2. शिवम कुमार ठाकुर — बेलौरी चौक, पूर्णिया
  3. मोहन कुमार मंडल — सतडोब, पूर्णिया
  4. अविनाश कुमार उर्फ आकाश — मोगलिया पुरनदाहा, धमदाहा
  5. सन्नी Singh उर्फ समीर — खलीफाबाद,
  6. अंबेश कुमार यादव — डोरिया,

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।