Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देशी पिस्टल व कारतूस के साथ 4 अपराधी गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, July 1, 2026

सहरसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देशी पिस्टल व कारतूस के साथ 4 अपराधी गिरफ्तार

सहरसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देशी पिस्टल व कारतूस के साथ 4 अपराधी गिरफ्तार
सहरसा। सहरसा पुलिस ने अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। सलखूआ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 01 देशी पिस्टल, 02 मैगजीन और 03 जिंदा कारतूस के साथ चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक चार चक्का वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा अवैध अग्नेयास्त्र की बरामदगी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 30 जून 2026 की रात सलखूआ थाना पुलिस रात्रि गश्ती और विशेष समकालीन अभियान चला रही थी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सितुआहा के समीप कोशी बांध पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध चार पहिया वाहन को रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक ने पुलिस को देखकर वाहन तेजी से भगाने का प्रयास किया। कुछ दूरी तय करने के बाद वाहन अचानक बंद हो गया, जिसके बाद पुलिस ने सशस्त्र बल की मदद से वाहन को घेरकर पकड़ लिया।
वाहन में सवार लोगों से पूछताछ में उनकी पहचान मो. अख्तर रजा, ऋषभ सिंह, मो. साबिर और मो. सैफ के रूप में हुई। सभी आरोपी सहरसा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
वाहन और आरोपियों की विधिवत तलाशी लेने पर सीट के नीचे से एक देशी पिस्टल (मैगजीन सहित) बरामद हुआ। इसके अलावा बगल की सीट से एक अतिरिक्त मैगजीन और 03 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। आरोपियों से हथियार संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पुलिस ने बरामद हथियार, कारतूस और वाहन को जब्त कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में सलखूआ थाना कांड संख्या 105/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)A, 26 और 35 में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में मो. अख्तर रजा (रंगीनिया वार्ड-14), ऋषभ सिंह (रंगीनिया वार्ड-14), मो. साबिर (रानीबाग वार्ड-15) तथा मो. सैफ (सिमरी बख्तियारपुर) शामिल हैं।
इस अभियान का नेतृत्व मुकेश कुमार सिंह ने किया। टीम में बबलू कुमार, बिट्टू कुमार और सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे।
बिहार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों और अवैध हथियार कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी और तेज किया जाएगा।